नागौर राजस्व विभाग की टीम ने दो अलग अलग कार्रवाईयों में गांव के बंद पड़े रास्ते और अतिक्रमण को हटाकर ग्रामीणों को राहत दी है। गोवा खुर्द ग्राम पंचायत में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार और उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भीचर के निर्देशानुसार वर्षों से बंद पड़े रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि भू-अभिलेख निरीक्षक अन्नाराम लवाइच और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर मोटा राम और सुखदेव राम के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था। इस आदेश की पालना में बुधवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर रास्ते की बाधा को पूरी तरह हटा दिया। इस कार्यवाही के दौरान निरीक्षक पटवारी बासनी सियाराम जाखड़, पटवारी हजारी राम खोजा और सदर थाने का जाब्ता हेड कांस्टेबल जेठाराम की अगुवाई में उपस्थित रहा।
वहीं एक अन्य मामले में ग्राम पंचायत धुंधवालों की ढाणी के कूंकणों की ढाणी में पिछले 19 साल से चल रहे रास्ते के विवाद को प्रशासन ने आपसी सहमति से सुलझा दिया। उपखंड अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट के आदेश पर बुधवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित किया और 300 फीट लंबा रास्ता खुलवाया। इस दौरान आरआई मनमोहन, पटवारी पप्पू राम, बालाराम और सुभाष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नागौर तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि तक़रीबन दो दशक से रास्ते पर अतिक्रमण का यह विवाद बना हुआ था।आज दोनों ही पक्षों से समझाइस और आम सहमति से यह रास्ता खुलवाया गया है। यह तक़रीबन 300 फिट रास्ता है।
Source link