नालंदा में किसान को बदमाशों ने मारी गोली:घायल बोला- 50 हजार रंगदारी की मांग थी, बदमाशों ने दी थी धमकी




नालंदा के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत उगावां गांव में आज बदमाशों ने रंगदारी की मांग पूरी न होने पर एक व्यक्ति को गोली मार दिया। घायल की पहचान उगावां निवासी जयराम प्रसाद के रूप में हुई है, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयराम प्रसाद अपने घर के पास शुक्रवार को जेसीबी से मिट्टी भराई का काम करवा रहे थे। घायल ने बताया कि यह जेसीबी उनके चाचा की थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ दबंग वहां पहुंचे और काम चालू रखने के एवज में ₹50,000 की रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज की और फिर विवाद हुआ था। आज जब जयराम प्रसाद अकेले थ्रेसर पर गेहूं की मांजनी कर रहे थे, तभी पांच की संख्या में आए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और गोलीबारी कर दी। एक गोली जयराम के पैर में लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। अस्पताल में उपचाराधीन जयराम प्रसाद ने बताया ने बताया कि मैं थ्रेसर चला रहा था, तभी विलास के दोनों बेटे, संजू कुमार और पंचायत समिति चंदन समेत पांच लोग आए। ये लोग जेसीबी से मिट्टी भराई के बदले 50 हजार रुपये मांग रहे थे। कल भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था और आज उन्होंने मुझे अकेला पाकर गोली मार दी। पुलिस बोली- आरोपी की पहचान हो गई घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना अध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है और घायल का फर्द बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *