नालंदा में पीट-पीटकर पत्नी की हत्या:नशेड़ी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 5 दिन बाद ननद की शादी थी




नालंदा में सनकी पति ने नशे की हालत में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान लालू बिंद की पत्नी सोनमंती देवी(30) के तौर पर हुई है। घटना बेन थाना क्षेत्र के बेलदरियापुर गांव की है। मृतका के भाई मुकेश ने बताया कि लालू बिंद हमेशा नशे में डूबा रहता है। गांजे के लत है। कोई काम-धंधा नहीं करता है। घर में 25 अप्रैल को लालू की बहन की बारात आने वाली थी, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी। रविवार को सास के कहने पर सोनमंती देवी पूजा करने गई थी। जैसे ही वह पूजा कर घर लौटी, नशे में धुत पति ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए भागकर पड़ोसी के घर में छिप गई, लेकिन सनकी पति ने वहां भी पहुंचकर उसे ढूंढ निकाला। लोढ़ा और लोटा से प्रहार कर उसे अधमरा कर दिया। इलाज के दौरान हुई मौत गंभीर रूप से जख्मी महिला को आनन-फानन में परवलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई है, जिनके सामने अब आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। आवेदन के आधार पर की जाएगी कार्रवाई मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बेन थानाध्यक्ष रवि राज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *