पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर नाबालिग से करवाई हत्या:गन्ने के जूस में सल्फास मिलाकर पिलाया, गला घोंटकर मारा




नोखा थाना क्षेत्र के बंधड़ा ताल में मिले युवक मनीष जांगु हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते मृतक की पत्नी ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिलवाया। थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया- दो दिन पहले बंधड़ा क्षेत्र के सुनसान तालाब के पास मिला शव अलाय निवासी मनीष जांगु का था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न टीमों का गठन किया गया। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। गन्ने के जूस में सल्फास मिलाकर पिलाया जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पत्नी निकीता और एक नाबालिग के बीच अवैध संबंध थे। दोनों ने मनीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत, 17 अप्रैल को नाबालिग ने मनीष को बहाने से अपनी बोलेरो गाड़ी में बिठाया। रास्ते में उसे गन्ने के जूस में सल्फास मिलाकर पिला दिया गया। मनीष के बेहोश होने के बाद तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को बंधड़ा की रोही में झाड़ियों में फेंक दिया गया, जबकि मोबाइल को कुछ दूरी पर अलग फेंका गया। मृतक के पिता लुणाराम जांगु निवासी धुधवालों की ढाणी, अलाय, जिला नागौर की रिपोर्ट पर नोखा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाकर कड़ी मेहनत से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपी पत्नी निकीता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। दोनों से मामले में पूछताछ जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *