परिक्रमा मार्ग पर धूल उड़ी तो जवाबदेही तय:कलेक्टर मयंक मनीष ने कोथरा से नौनेरा तक पैदल लिया जायजा




डीग कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को अधिक मास में होने वाली 84 कोस परिक्रमा से पहले कोथरा गेट से नौनेरा तक 18 गांवों के परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि रास्ते में धूल भी उड़ी तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि दोबारा निरीक्षण में कोई कमी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। कलेक्टर का काफिला सुबह कोथरा गेट पहुंचा और उन्होंने सांवई, नगला दांदू, बहज, डीग कस्बा, दिदावली, नगला महारानिया, टाकौली, खोह, चुल्हेरा, अलीपुर, पसोपा, बरौली धाऊ, बिलोंद, सतवास, पथवारी होते हुए नौनेरा तक पूरे मार्ग का बारीकी से जायजा लिया। रास्ते में अतिक्रमण हटाया
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने झुके बिजली के पोल को हाथ से हिलाकर देखा, कच्चे रास्ते पर पड़े अतिक्रमण को हटाया और नालियों की जांच की। उन्होंने रास्ते में पड़ी लकड़ी व उपलों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो। मौके पर ही पीडब्ल्यूडी और तहसीलदार को बुलाकर कलेक्टर ने पूरे मार्ग से सभी अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। उन्होंने भरतपुर फीडर कैनाल के सामने पड़ी गिट्टी-रेत को भी शाम तक हटाने के निर्देश दिए और कहा कि नंगे पांव चलने वाले श्रद्धालु उनके मेहमान हैं और उन्हें कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई निर्देश दिए
PHED विभाग को सभी हैंडपंप शुक्रवार तक चालू करने का आदेश दिया गया, चेतावनी दी गई कि पानी नहीं मिलने पर सीधे निलंबन होगा। बिजली विभाग को तिरछे पोल सीधे करने और सतवास में रास्ते पर पड़े पोल हटाने के निर्देश दिए गए, साथ ही करंट से हादसे की स्थिति में एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई।
खंड विकास अधिकारी (BDO) को नालियां साफ रखने, कंटीली झाड़ियां हटाने और टाकौली सहित सभी विश्राम स्थलों पर शेड लगाने के आदेश दिए गए, ताकि श्रद्धालु धूप में नहीं बैठें। 10 दिन बाद फिर करेंगे जांच
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अधिक मास पूरे एक महीने चलेगा और लाखों श्रद्धालु आएंगे। उन्होंने कहा कि वे 10 दिन बाद फिर इसी रास्ते पर आएंगे और दिए गए निर्देशों के हर बिंदु की जांच करेंगे। कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कलेक्टर के तेवर देख एसडीएम डीग मुकेश चौधरी, एसडीएम कामां सुभाष, तहसीलदार जुगीता मीना, सीओ सीताराम बैरवा समेत पूरा अमला हरकत में आ गया। मौके पर ही JCB, सफाई गैंग और बिजली टीम को बुला लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *