पलवल साइबर थाना पुलिस ने फर्जी मैसेज भेजकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सराय खटेला फ्लाईओवर के पास से इन आरोपियों को पकड़ा, जो खुद को जानकार व्यक्ति बताकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे। साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि हवलदार निखिल के नेतृत्व में उनकी टीम गदपुरी मोड़ पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि साइबर ठगी में शामिल दो युवक सराय खटेला पुल के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। मथुरा के रहने वाले दो युवक अरेस्ट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश दी और मौके से मथुरा (उत्तर प्रदेश) के दौलतपुर निवासी रामबाबू उर्फ जैकी और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो स्मार्टफोन बरामद हुए। जांच में आरोपियों के व्हाट्सएप पर एक ग्रुप मिला, जिससे पता चला कि वे कमीशन पर फर्जी बैंक खातों का प्रबंधन करते थे। फोन की गैलरी में भुगतान से संबंधित कई संदिग्ध क्यूआर कोड और ठगी के लिए इस्तेमाल की गई चैट भी मिली। नेशनल पोर्टल पर जांच में मिला ठगी का रिकॉर्ड बरामद मोबाइल नंबरों को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर जांचा गया, तो उनके खिलाफ पहले से दर्ज शिकायतों का रिकॉर्ड मिला, जिसमें हजारों रुपए की ठगी की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे आम लोगों को अपना जानकार बनकर फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजते थे और झांसे में लेकर धोखाधड़ी से फर्जी बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे।साइबर क्राइम पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link