फर्रुखाबाद नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक पालिका परिसर में हुई। पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 137 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसमें निर्माण, जलकल और पथप्रकाश पर 46 करोड़ रुपये, जबकि कर्मचारियों के वेतन और पेंशन पर 91 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान है। बैठक के दौरान सभासदों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। फतेहगढ़ के सभासद अनिल तिवारी ने शहर में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वन विभाग द्वारा बंदरों को पकड़वाने की व्यवस्था की जाएगी। एक अन्य सभासद ने मृत जानवरों को उठवाने के बदले कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार वीडियो बनाकर मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक और स्वयं पालिकाध्यक्ष को भेजा गया है। पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने इस मामले को गंभीरता से दिखवाने का आश्वासन दिया। पालिकाध्यक्ष ने यह भी बताया कि 20 अप्रैल के बाद कर का निर्धारण कर दिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों के परिजनों को मिलने वाली पेंशन में 15 प्रतिशत वृद्ध मां को भी देने की बात कही। सभी प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया गया और उन पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई। बैठक में ईओ विनोद कुमार सहित अन्य कर्मचारी और सभासद उपस्थित रहे। हालांकि इस दौरान सभासदों ने मुद्दे भी उठाए।
Source link