जमुई के टाउन थाना क्षेत्र स्थित खैरमा यादव टोला में सोमवार सुबह पुलिस टीम पर हमला हुआ। फरार आरोपी को पकड़ने गई टीम पर हुए इस हमले में दो सब-इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान टाउन थाना में तैनात सुनील कुमार (50), रणवीर कुमार (25) और विक्रम कुमार के रूप में हुई है। इस झड़प में मुख्य आरोपी ढेबू यादव (45) भी घायल हुआ है। मारपीट, हत्या और रेलवे लूट सहित लगभग एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज SDPO सतीश सुमन ने बताया कि मुख्य आरोपी ढेबू यादव पर मारपीट, हत्या और रेलवे लूट सहित लगभग एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही आरोपी ढेबू यादव ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ढेबू यादव सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अज्ञात लोगों को अपराधी समझकर हमला कर दिया – गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार आरोपी ढेबू यादव का कहना है कि उसे पुलिसकर्मियों की पहचान नहीं हो सकी। उसने अज्ञात लोगों को अपराधी समझकर हमला कर दिया। ढेबू यादव ने दावा किया कि यदि उसे पता होता कि वे पुलिसकर्मी हैं, तो वह ऐसा कदम नहीं उठाता। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही तीन से चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई लोगों को हल्की चोटें आईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link