पूर्णिया में शादी समारोह में गई 5 साल की बच्ची की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्ची मां के साथ शादी की रस्म देखने गई थी। अचानक वहां से गायब हो गई। खोजबीन के दौरान खेत में खून से लथपथ मिली। दिल दहला देने वाली ये वारदात अमौर थाना क्षेत्र के बागढ़र मधवा कोला पंचायत से सामने आई है। मृतका की पहचान मंजीत हरिजन की बेटी सोमीया कुमारी के तौर पर हुई है। हत्या के बाद से परिजनों में चीत्कार मची है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। कई अहम साक्ष्य हाथ लगे हैं। शादी समारोह से अचानक गायब हो गई पिता मंजीत हरिजन ने बताया कि रविवार को गांव में एक शादी थी। बच्ची शाम करीब 4 बजे घर से शादी समारोह में गई थी। इस दौरान अचानक गायब हो गई। परिवार वालों को लगा कि वो आसपास ही होगी। जब काफी समय तक कोई पता नहीं चला तो खोजबीन शुरू हुई। मंदिर परिसर, घरों के आसपास, खेत-खलिहान और हर संभावित जगह पर खोज की गई। मंदिर और मस्जिद से भी घोषणा कराई गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। करीब चार घंटे की तलाश के बाद गांव के बगीचे से शव बरामद हुआ। गला किसी तेज धारदार हथियार से काट दिया गया था। शरीर खून से लथपथ पड़ा था। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीणों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग शादी वाले घर में जहां कुछ समय पहले तक खुशियां थी, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा है। इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि एक मासूम के साथ इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त के बाहर है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। छानबीन में जुटी पुलिस अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्ची की हत्या किसने और क्यों की। इसका अब तक पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही इस मामले का खुलासा हो पाएगा।
Source link