मोतिहारी के पचपकरी थाना क्षेत्र के खरीहनिया गांव में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाए जाने से गंभीर रूप से झुलसे युवक सहजाद आलम की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई है। यह घटना शुक्रवार रात को हुई थी, जिसके बाद बुधवार को सहजाद ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात मुरली गांव निवासी अब्दुल अजीज के पुत्र सहजाद आलम पर खरीहनिया गांव के ईदगाह के समीप तीन बाइक सवार युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। आग लगने के बाद सहजाद जलते हुए खरीहनिया गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने आग बुझाई और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उसे तत्काल जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिले के अस्पताल से सहजाद को पटना रेफर किया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली एम्स भेज दिया। दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। मृतक युवक के पिता ने इस मामले में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि परिजनों ने उन्हें दिल्ली में इलाज के दौरान युवक की मौत की जानकारी दी है।
Source link