पोल से टकराई बाइक, 2 चचेरे भाईयों की मौत:बारात में शामिल होकर लौट रहे थे तीनों;एक घायल, कुंदन की एक महिने पहले हुई थी शादी




बेतिया में गुरुवार की रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के मठिया मंगूराहा चौक के पास हुई। मृतकों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के छोटा चौमुखा गांव निवासी गामा राम के बेटे कुंदन कुमार(26) और अर्जुन राम के बेटे प्रिंस कुमार(13) के रूप में हुई है। ये दोनों आपस में चचेरे भाई थे। घायल युवक की पहचान शिव शंकर मांझी के बेटे विवेक मांझी(16) के रूप में हुई है। बारात से लौटने के दौरान हादसा बताया गया कि ये तीनों युवक छोटा चौमुखा निवासी भरत राम के बेटे रमेश की बरात में शामिल होने सिसही गांव गए थे। देर रात शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुंदन कुमार और प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विवेक मांझी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है। 13 मार्च को कुंदन की हुई थी शादी परिजन के अनुसार कुंदन कुमार की शादी इसी साल 13 मार्च 2026 को बेतिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत करनमया गांव में हुई थी। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं प्रिंस कुमार कक्षा 7 का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *