फरीदकोट के कोटकपूरा शहर में एक दुकानदार ने अपनी दुकान में पिछले कुछ दिनों से हो रही नकदी और बर्तनों की चोरी के मामले में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके एक साथी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में पकड़े गए आरोपी के घर से चोरी किया गया काफी सामान भी बरामद हुआ है। थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने दुकानदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा बाजार के पास स्थित लभू राम स्ट्रीट में बर्तनों की दुकान चलाने वाले निखिल गोयल की दुकान में पिछले 4-5 दिन से रात के समय नकदी और सामान की चोरी हो रही थी। CCTV में आरोपियों की फोटो कैद सीसीटीवी कैमरों में भी आरोपियों की तस्वीरें कैद हो रही थीं। लगातार हो रही चोरी से परेशान होकर निखिल गोयल ने अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर रात को दुकान में ही रहकर निगरानी की तो शनिवार सुबह सवेरे चोरी करने आए दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इनमें से एक आरोपी उसका पड़ोसी निकला, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे पहले से ही शक था कि चोरी की वारदात में पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति शामिल है। आज सुबह दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया और उनके घर से काफी चोरी का सामान भी बरामद हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी नशे के आदी हैं और उनके पास अन्य संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था। इस मामले में थाना सिटी कोटकपूरा के एएसआई बलकार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा दुकानदार का बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है और काबू किए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
Source link