फरीदकोट के कोटकपूरा स्थित गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं छावनी निहंग सिंह में वीरवार सुबह पंजाब में बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून के लिए पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का विशेष सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार जत्थेदार बाबा कुलवंत सिंह चाणकिया की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें पंजाब सरकार का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री सुखमनी साहिब के पाठ के भोग और सरबत के भले की अरदास के साथ हुई। समारोह के दौरान जत्थेदार बाबा कुलवंत सिंह चाणकिया ने कहा कि साल 2015 में बरगाड़ी बेअदबी कांड के बाद से ही संगत लगातार सख्त कानून की मांग कर रही थी, ताकि ऐसी घटनाओं पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा यह कानून लाना गुरु साहिब के सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम है। सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है- स्पीकर संधवां इस दौरान मीडिया से बात करते हुए स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि गुरु से बढ़कर उनके लिए कुछ भी नहीं है और इस सेवा का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संगत की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कानून बनाया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि इस कानून को लेकर जालंधर के एक व्यक्ति द्वारा पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर अब अदालत ही फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने संगत की इच्छा के अनुसार ही यह कानून लागू किया है।
Source link