हनुमानगढ़ जिले में फर्जी बायोमेट्रिक के जरिए आधार कार्ड बनाने के मामले में पुलिस ने 3 और लोगों को गिरफ्तार किया है। भिरानी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत (32) निवासी वार्ड 5, श्मशान भूमि रोड, रावतसर; अमीर खान (27) निवासी वार्ड 7, न्यू जामा मस्जिद, रावतसर और बलराम (35) निवासी 9 डीडब्लूएम, रावतसर शामिल है। इस मामले में एटीएस जयपुर, एजीटीएफ हनुमानगढ़ और भादरा पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 अप्रैल को भादरा कस्बे में संचालित एक अवैध आधार सेंटर पर दबिश दी थी। उस कार्रवाई के दौरान कुलदीप शर्मा निवासी बैरवाल, भादरा को गिरफ्तार किया गया था। फर्जी तरीके से आधार कार्ड करते थे तैयार
आधार केंद्र पर छापे के दौरान आरोपी कुलदीप शर्मा के पास से लैपटॉप, प्रिंटर, आइरिस डिवाइस, जीपीएस डिवाइस, फिंगरप्रिंट मशीन, कैमरा और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार कर रहा था। इन फर्जी आधार कार्डों का उपयोग सिम कार्ड जारी करने, बैंक खाते खोलने और अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता था। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यूआईडीएआई और डीओआईटी विभाग से समन्वय स्थापित कर मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने फर्जी आधार कार्ड तैयार किए और किन-किन गतिविधियों में उनका उपयोग किया गया। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और सभी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Source link