फाजिल्का में भारत-पाकिस्तान सीमा के सादकी बॉर्डर के नजदीक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पाकिस्तान की ओर खड़े सरकंडों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में लपटें आसमान तक उठने लगीं और घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया। हालात को देखते हुए मौके पर बीएसएफ के जवान, स्थानीय किसान और पुलिस प्रशासन तुरंत पहुंच गया। आग की सूचना मिलते ही गांव पक्का चिश्ती के सरपंच सुखदीप सिंह और किसान गुरचरण सिंह सहित कई ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। किसानों ने बताया कि इस क्षेत्र में करीब एक हजार एकड़ गेहूं की फसल तैयार खड़ी है और अगर आग की एक भी चिंगारी फसलों तक पहुंचती, तो भारी नुकसान हो सकता था। BSF ने सादकी बॉर्डर का फेंसिंग गेट खोला स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ ने सादकी बॉर्डर का फेंसिंग गेट खोल दिया, जिससे किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ खेतों में पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। इसके बाद पानी के टैंकर मंगवाए गए और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद भारतीय क्षेत्र में आग पर काबू पा लिया गया। पाकिस्तान की ओर अभी भी कई स्थानों पर आग जल रही थी। किसानों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से भी कुछ लोग आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही फाजिल्का के डीएसपी बीएस रंधावा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Source link