फाजिल्का जिले में अबोहर के सीतो गुन्नों गांव में लगातार हुई बारिश के कारण एक गरीब परिवार के मकान की छत गिर गई। इस हादसे में मलबे में दबने से एक युवक घायल हो गया। पड़ोसियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, सीतो गुन्नों निवासी भंवर लाल ने बताया कि उनका परिवार मेहनत-मजदूरी करके गुजारा करता है। उनका भाई फिरोज अक्सर बीमार रहता है और उनके घर में उनके भांजा-भांजी भी रहते हैं। हादसे में घायल हुए युवक का नाम फिरोज है। मलबे में दबा फिरोज, भांजा बचा भंवर लाल ने बताया कि कल रात फिरोज और उसका भांजा कमरे में सोए हुए थे। सुबह करीब 5:30 बजे जैसे ही उनका भांजा कमरे से बाहर आया, कुछ ही मिनटों बाद छत अचानक नीचे आ गिरी। फिरोज मलबे के नीचे दब गया, जिसे आसपास के लोगों की मदद से तुरंत बाहर निकाला गया। इस हादसे में फिरोज को अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मुआवजे की मांग की है। जर्जर हालत में था मकान भंवर लाल ने यह भी बताया कि उनका मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। उनका नाम ग्रामीण विकास योजना में 2-3 बार आ चुका है, लेकिन अभी तक मकान बनाने के लिए किसी प्रकार की कोई सहायता राशि नहीं मिली है।
Source link