बरनाला जिले के तपा मंडी में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में कैश संकट के कारण खाताधारकों ने बैंक परिसर के अंदर प्रदर्शन किया। ग्राहकों का आरोप है कि उनके खातों में पर्याप्त राशि होने के बावजूद उन्हें पूरी रकम नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शन कर रहे खाताधारकों में गुरविंदर सिंह, काला सिंह, भजनो देवी और हरबंस सिंह सहित कई लोग शामिल थे। उन्होंने बताया कि वे अपने खातों से बड़ी रकम निकलवाने बैंक पहुंचे थे, लेकिन बैंक मैनेजर द्वारा केवल 50 हजार रुपए तक ही भुगतान करने की बात कही जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कैश के लिए बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे खाताधारकों ने बताया कि इस समय गेहूं की कटाई का सीजन चल रहा है। किसानों और आम लोगों को मजदूरों का भुगतान करने, कृषि कार्यों के खर्चे उठाने और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए तत्काल नकदी की आवश्यकता है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में बैंक द्वारा सीमित भुगतान करना लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें ऐसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी नकदी निकालने के लिए उन्हें कई बार बैंक के चक्कर लगाने पड़े हैं। उनका कहना है कि जहां अन्य बैंक सामान्य रूप से नकदी भुगतान कर रहे हैं, वहीं पीएनबी शाखा में ग्राहकों को बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। सिस्टम कनेक्टिविटी में आ रही समस्या- मैनेजर इस संबंध में बैंक मैनेजर मुकेश ने बताया कि बैंक के सिस्टम में कनेक्टिविटी की समस्या आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समस्या केवल उनकी शाखा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई बैंकों में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसी कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई है और ग्राहकों को सीमित राशि ही दी जा रही है। मैनेजर ने आश्वासन दिया कि जैसे ही तकनीकी समस्या दूर होगी, भुगतान व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
Source link