बरनाला जिले में एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे चालक को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना बरनाला के तर्कशील चौक से संघेडा की ओर जाते समय क्रॉसिंग के पास हुई। मृतक की पहचान जगतार सिंह निवासी पत्ती रोड बरनाला के रूप में हुई है। वह अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। पुलिस स्टेशन सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि बलजीत कौर, जो मृतक जगतार सिंह की पत्नी हैं, के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। लापरवाही से थार चलाने का आरोप शिकायत में बताया गया है कि धर्मवीर सिंह निवासी बल्लोके अपनी थार गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था।धर्मवीर सिंह की थार ने जगतार सिंह की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार जगतार सिंह वाहन समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल जगतार सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जगतार सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक धर्मवीर सिंह के खिलाफ तेज रफ्तारी, लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link