बरनाला जिले के फरवाही गांव में जैक से मकान उठाते समय एक हादसा हो गया। रविवार सुबह करीब 4:15 बजे अचानक लेंटर गिरने से चार मजदूर मलबे में दब गए। इस घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर को निकालने का प्रयास जारी है। जानकारी के अनुसार, गांव फरवाही निवासी स्व. जीवन कुमार के बेटे विशाल के मकान को पिछले कुछ दिनों से जैक की मदद से ऊपर उठाया जा रहा था। हादसे के वक्त चार मजदूर मकान के भीतर मौजूद थे। मजदूर कहां के रहने वाले थे, इसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। मकान गिरने पर गुरुद्वारा साहिब में अनाउंसमेंट कर मदद मांगी मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तुरंत गुरुद्वारा साहिब में अनाउंसमेंट कर मदद मांगी और प्रशासनिक अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। मजदूर को निकालने के प्रयास जारी तीन मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अलग-अलग एंबुलेंस से सिविल अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक मजदूर घायल अवस्था में मलबे में फंसा हुआ था।ग्रामीण और पुलिस अभी भी चौथे मजदूर को मलबे से निकालने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link