बरनाला जिले के नगर कौंसिल भदौड़ के सफाई सेवकों ने पिछले तीन-चार महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस हड़ताल के कारण शहर की स्वच्छता व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। हड़ताल के चलते नगर कौंसिल के मुख्य द्वार सहित पूरे शहर में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगने शुरू हो गए हैं। इससे राहगीरों व निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल पर बैठे सफाई सेवक जसवीर सिंह, बलवीर सिंह, मोहनलाल, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, मंगल सिंह और रमेश कुमार ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नगर कौंसिल प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें हर बार चार-पांच महीनों तक वेतन के लिए इंतजार करना पड़ता है। वेतन न मिलने से गुजारा मुश्किल सफाई सेवकों ने कहा कि लंबे समय तक वेतन न मिलने से उनके लिए घर का गुजारा चलाना और परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है। उनके पास राशन खरीदने तक के पैसे नहीं बचते, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में काम छोड़कर संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने अधिकारियों पर उनकी समस्याओं पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। जल्द वेतन रिलीज करने का आश्वासन इस संबंध में नगर कौंसिल के कार्य साधक अफसर हरप्रीत सिंह ने आश्वासन दिया कि सफाई सेवकों की रुकी हुई तनख्वाहें जल्द ही जारी कर दी जाएंगी। हरप्रीत सिंह ने कहा कि प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रहा है ताकि शहर निवासियों को गंदगी या किसी अन्य प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
Source link