बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छोड़हर गांव में 27 मार्च को हुई मारपीट में घायल 85 वर्षीय विश्वनाथ बिन्द की शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना बच्चों के विवाद को लेकर हुई थी, जिसमें दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और जमकर मारपीट हुई थी। इस मारपीट में एक पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। इस संबंध में सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि 27 मार्च 2026 को बबलू बिन्द और नन्दजी बिन्द के बीच बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। थाना बांसडीहरोड में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी नन्दजी बिन्द को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विश्वनाथ बिन्द को मारपीट के दौरान चोट लगी थी, जिनका इलाज जिला अस्पताल बलिया में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा और अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Source link