बाराबंकी में सड़क हादसे में आलू व्यापारी की मौत:देवा जा रही कार तालाब में डूबी, दो साल की बेटी गंभीर; बच्ची की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे लोग




बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय आलू व्यापारी सोहराब उर्फ इरशाद की मौत हो गई। दशरथपुर गांव के पास देंवा रोड पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सडक किनारे स्थित पानी भरे खारजा में पलट गई। हादसे में उनकी दो वर्षीय बेटी आफरीन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, इसरौली गांव निवासी सोहराब रविवार शाम अपनी ससुराल गए थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वह अपनी बेटी आफरीन के साथ घर लौट रहे थे। घर से महज दो किलोमीटर पहले उनकी आई-10 कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरे खारज में जा गिरी। 2 तस्वीरें देखिए – हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर सन्नाटा रहा। बाद में मासूम आफरीन के रोने की आवाज सुनकर खेतों पर जा रहे किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह कार में फंसे पिता-पुत्री को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सोहराब को मृत घोषित कर दिया, जबकि आफरीन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक के पिता मोहम्मद शमी ने बताया कि सोहराब अपने पिता के साथ आलू का व्यवसाय करते थे और परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *