[ad_1]
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों की नगदी और ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना का पता तब चला जब मकान मालिक बुधवार सुबह घर नहाने पहुंचे। सनिगवां की डबल कॉलोनी निवासी फर्नीचर कारोबारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उनके पिता शहजादे आलम का शनिवार को निधन हो गया था। इस कारण उनकी पत्नी हिना ससुराल में रह रही थीं। मंगलवार रात बिजली न आने से घर का इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गया था। आरिफ रात करीब 11:30 बजे कपड़े लेकर अपने पिता के घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह अपने घर नहाने आए, तो उन्होंने कमरे का सामान बिखरा हुआ पाया। अलमारी चेक करने पर उसमें रखी करीब 4.5 लाख रुपये की ज्वेलरी और 4.5 लाख रुपये की नगदी गायब मिली। आरिफ ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। आरिफ ने आरोप लगाया कि 112 पर कॉल करने पर मौके पर पहुंचे पीआरवीकर्मियों ने उनसे बदसलूकी की। पीआरवीकर्मियों ने कथित तौर पर कहा, ‘आपको चौकी जाना चाहिए था, 100 नंबर पर कॉल करने की क्या जरूरत थी? 100 नंबर आपके लिए बनी है क्या, जब चाहेंगे फोन उठाकर कर दोगे?’ जब आरिफ ने अपने पिता के निधन और चोरी से परेशान होने की बात कही, तो पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि ‘सब परेशान हैं और सबके पिता की मौत होती है’। मोहम्मद अहमद, कलीम और हयात सहित स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली कटौती के कारण पूरा क्षेत्र परेशान है। उनका कहना है कि इसी का फायदा उठाकर क्षेत्र में संदिग्ध लोग घूमते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात मोहल्ले में खड़ी एक ऑटो में भी चोरी का प्रयास किया गया था, लेकिन पकड़ने की कोशिश करने पर चोर भाग निकला। निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने पर चिंता व्यक्त की, जिससे घटनाओं में वृद्धि हो रही है। थाना प्रभारी ने बताया मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
[ad_2]
Source link