बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे फर्जी नर्सिंग होम पर ताला लगा:रामपुर में CHC से 200 मीटर दूर था सेंटर, CMO के आदेश पर सील




जौनपुर जिले के रामपुर विकास खंड में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित लक्ष्मी नर्सिंग होम को 8 अप्रैल बुधवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) के निर्देश पर की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह नर्सिंग होम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामपुर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर लंबे समय से बिना पंजीकरण के चल रहा था। स्थानीय निवासी सोनू गुप्ता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यहां बिना मान्यता के प्रसव सहित कई चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की जा रही थीं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CMO ने जांच के आदेश दिए। इसके बाद CHC रामपुर के अधीक्षक के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में नर्सिंग होम पूरी तरह अवैध पाया गया। नियमों का खुला उल्लंघन मिलने पर टीम ने मौके पर ही नर्सिंग होम को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध अस्पताल और क्लिनिक संचालकों में खलबली मच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता के चल रहे किसी भी अस्पताल, नर्सिंग होम या क्लिनिक को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसे संस्थानों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर क्षेत्र में कई अन्य अस्पताल व क्लिनिक विभागीय मिलीभगत से अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इन पर कब और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है। इस संदर्भ में CHC अधीक्षक प्रभात यादव ने बताया कि अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल की शिकायत सीएमओ से की जा रही थी। शिकायत के आधार पर हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *