बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों का हमला:चूरू में बकरियां चराते समय हुआ हादसा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती




चूरू में रविवार दोपहर खेत में बकरियां चरा रहे एक बुजुर्ग किसान ढूकल सिंह पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि ढूकल सिंह (65) रविवार को खेत में बकरियां चराने और खेत संभालने गए थे। दोपहर के समय वे एक रोहिड़े के पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे। उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का छाता था, जो बुजुर्ग को दिखाई नहीं दिया। अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। ढूकल सिंह ने मधुमक्खियों से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बुजुर्ग होने के कारण वे ज्यादा दूर तक नहीं भाग सके और गिर गए। मधुमक्खियों ने काफी देर तक उन पर हमला जारी रखा। शोर सुनकर पड़ोसी ढाणियों के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंबल डालकर बुजुर्ग को मधुमक्खियों से बचाया। ग्रामीणों ने बुजुर्ग को बाइक पर बैठाकर गांव तक पहुंचाया। वहां से परिजनों ने एक निजी वाहन की मदद से उन्हें डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका तुरंत इलाज शुरू किया। फिलहाल, ढूकल सिंह की हालत स्थिर बताई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *