सीवान में किराए के मकान से कृषि विभाग में पदस्थापित असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर सृष्टि कुमारी (26) का फंदे से लटका शव मिला है। इस मामले में अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में डॉक्टर ने इसे आत्महत्या बताया है। जानकारी के मुताबिक, सृष्टि का वैशाली निवासी एक युवक के साथ पिछले करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करने वाले थे, लेकिन पारिवारिक दबाव और लड़की के पिता की मौत के बाद यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद फैमिली वालों ने उसकी शादी दूसरे युवक से तय कर दी थी, जो अगस्त 2026 में होने वाली थी। इस बीच सृष्टि की मौत से एक दिन पहले का व्हाट्सएप स्टेटस भी सामने आया है, जिसमें वह सिक्किम में घूमती नजर आ रही है। वीडियो में वह अपने मंगेतर के साथ दिख रही है। वहीं, मामले में एक और मोड़ तब आया जब सृष्टि के दो वीडियो भी सामने आए। इनमें ग्रामीण उस पर पैसे लेने के आरोप लगाते दिख रहे हैं। सृष्टि वैशाली जिले के गंगाब्रिज हाजीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव के रहने वाले स्वर्गीय अर्जुन सिंह की बेटी थी। सृष्टि वैशाली जिले के हाजीपुर की रहने वाली थी। (फाइल फोटो)इन सब मामलों को लेकर दैनिक भास्कर की टीम ने अलग-अलग एंगल से इंवेस्टिगेट किया। इसमें कई मामलों का खुलासा हुआ है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… अब सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए पूरा केस… पहला मामला- पड़ोसी बोले- 5 साल से चल रहा था अफेयर, कमरे पर आता था दैनिक भास्कर की टीम ने इस मामले में सबसे पहले सृष्टि कुमारी के पड़ोसियों से बातचीत की। पड़ोसियों ने बताया कि सृष्टि का पिछले करीब 5 साल से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। 6 महीने पहले तक वो अक्सर कमरे पर आया करता था। दोनों की मुलाकात वैशाली में पढ़ाई के दौरान हुई थी, जहां वे एक ही कोचिंग संस्थान में जाया करते थे। इस दौरान दोनों के बीच अफेयर शुरू हुआ था। पिता की मौत के बाद लिया बड़ा फैसला पड़ोसियों के अनुसार, जून 2025 में सृष्टि ने अपने परिजन को अपने प्रेम संबंध के बारे में बताया। उसी युवक से शादी करने की इच्छा जताई, लेकिन यह बात परिवार को पसंद नहीं आई। बताया जाता है कि इस घटना के बाद उसके पिता को हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सृष्टि मानसिक रूप से काफी टूट गई थी। परिवार के दबाव और लगातार मिल रहे तानों के कारण उसने अपने प्रेमी से रिश्ता खत्म कर लिया। उसने अपने बॉयफ्रेंड से साफ कहा था कि हमारे अफेयर की वजह से मेरे पापा की मौत हुई है, इसलिए अब मैं तुमसे शादी नहीं कर सकती। दूसरी जगह तय हुई शादी, लेकिन संपर्क बना रहा ब्रेकअप के करीब तीन महीने बाद परिजन ने सृष्टि की शादी वैशाली निवासी एक बीपीएससी शिक्षक से तय कर दी। दोनों की शादी अगस्त 2026 में होने वाली थी। हालांकि, पड़ोसियों का दावा है कि सृष्टि अपने पूर्व प्रेमी के संपर्क में बनी रही। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। युवक कई बार उससे मिलने सीवान भी आया करता था। वीडियो से बढ़ा विवाद, घूस लेने के लगे आरोप घटना से करीब 4 महीने पहले का एक वीडियो सामने आया है। इसमें काले रंग के शर्ट में एक लड़का सृष्टि के पीछे दिख रहा है वो उसका एक्स लवर है। इसमें दिख रहा है, कुछ गांववाले युवती और उसके एक्स पर 100-100 रुपए हर व्यक्ति से घूस लेकर काम करने का आरोप लगा रहे हैं। इसमें सृष्टि वीडियो बनाने वाले से बोल रही है, आप कैमरा बंद कीजिए। ये कोई तरीका नहीं है। इसके बाद जब वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उसके प्रेमी की तरफ कैमरा किया और पूछा आप कौन हैं? इसपर युवती ने कहा, मुझसे बात कीजिए। इसके अलावा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सृष्टि पर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है, हालांकि उस समय उसका प्रेमी मौजूद नहीं था। जानकारी के अनुसार, यह दोनों वीडियो उस समय का है जब युवती कृषि विभाग द्वारा बनाए जा रहे फॉर्मर आईडी के दौरान पकड़ी पंचायत में पोस्टेड थीं। दूसरा मामला- रूम पर अक्सर आते थे तीन लड़के पड़ोसियों ने बताया, मृतका दो साल से इसी मकान में रह रही थी। इसका मकान मालिक दिल्ली में रहता है। वो साल में एक बार यहां आते हैं। यहां कोई ओनर नहीं रहने की वजह से 24 घंटे इसका मेन गेट खुला रहता है। साथ ही यहां पर किसी की एंट्री पर कोई रोक नहीं है। कभी भी कोई भी व्यक्ति यहां आ सकता है। पिछले 6 महीने से सृष्टि के रूम पर रात 8 बजे के बाद अक्सर 2-3 लड़के आते थे। हमलोग द्वारा पूछने पर कहते थे काम की वजह से आ रहे हैं। कुछ काम पेंडिंग है उसको पूरा करना है। वहीं, 2 महीने पहले सृष्टि का पथरी का ऑपरेशन हुआ था। इस वजह से लड़के उसको दवाई देना का बहाना बनाकर रात के 11-12 बजे तक कमरे पर ही रहते थे। हमलोगों ने इस बात की जानकारी उसके ओनर को भी दी थी। वहीं, उसके घर के बाहर एक CCTV भी साथ जिसका हवाला देते हुए ओनर बोलते थे, हम यहां से निगरानी रख रहे हैं। तीसरा मामला- मंगेतर के साथ सिक्किम घूमने गई थी युवती के ऑफिस के लोगों ने बताया, घटना से एक सप्ताह पहले सृष्टि अपने मंगेतर के साथ सिक्किम घूमने गई थी। उसने ऑफिस में बताया था कि वो फिल्ड वर्क पर है, लेकिन वो काम करने की जगह सिक्किम में घूम रही थी। मौत से एक दिन पहले सृष्टि ने वॉट्सएप स्टेटस भी लगाया है, जिसमें वो सिक्किम के नंबर प्लेट वाली बाइक पर बैठीं नजर आ रही हैं। वहीं, एक और फोटो में वो पहाड़ी कपड़ों में अपने मंगेतर के साथ फोटो क्लिक करवाया है। दोनों ही फोटो को उसने अपने स्टेटस पर लगाया था। इस दौरान सृष्टि खुश नजर आ रही है। वहीं, ऑफिस वालों का कहना है युवती अक्सर काम से बिना छुट्टी लिए कहीं भी घूमने निकल जाती थी। वो सप्ताह में एक दिन ऑफिस नहीं ही आती थी। चौथा मामला- सीसीटीवी फुटेज से भी आत्महत्या की पुष्टि पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस दिन सृष्टि ने आत्महत्या की, उस दिन उसके किराए के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी की जांच की गई। फुटेज में केवल सृष्टि को ही शाम के समय कमरे में जाते हुए देखा गया था। इसके अलावा कोई अन्य संदिग्ध व्यक्ति वहां आता-जाता नजर नहीं आया। दूसरे दिन उसकी बॉडी फंदे से लटकी मिली। पुलिस वालों का कहना है, सृष्टि के कमरे में जाने के बाद उसकी मौत तक कोई उसके रूम में नहीं गया था। इससे हत्या की बात खत्म हो जाती है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट ने भी खोली सच्चाई मामले की सच्चाई जानने के लिए पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड के एक डॉक्टर से बातचीत की गई। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि आत्महत्या दो प्रकार की होती है एक फुल और दूसरा पार्शियल। पार्शियल हैंगिंग में शरीर पूरी तरह हवा में नहीं लटकता, बल्कि पैर जमीन को छू सकते हैं, फिर भी मौत संभव होती है। सृष्टि का सुसाइड पार्शियल था। डॉक्टर के अनुसार, युवती के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं थे। गर्दन पर केवल एक ही लिगेचर मार्क था (जो फांसी में होता है)। पेट में किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का साक्ष्य नहीं मिला है। यौन शोषण का कोई संकेत नहीं था। सबसे अहम तथ्य यह रहा कि शव के पास पेशाब के दाग पाए गए। डॉक्टर के मुताबिक, आत्महत्या के मामलों में मौत से पहले पेशाब या मल का निकलना सामान्य होता है, जबकि हत्या में ऐसा नहीं होता है। इन सभी तथ्यों ने यह स्पष्ट कर दिया कि मामला आत्महत्या का ही है। परिजन ने छुपाई प्रेम-प्रसंग की सच्चाई भास्कर की पड़ताल में यह भी सामने आया कि परिजन ने प्रेम प्रसंग की जानकारी को छुपाने की कोशिश की। पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हत्या का आरोप लगाकर मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई। पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हुई है। फांसी की सूचना के बावजूद एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) समय पर मौके पर नहीं पहुंची। शव को अस्पताल भेजे जाने के बाद औपचारिकता निभाने के लिए टीम पहुंची। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, लेकिन सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और एसपी पूरन कुमार झा मौके पर नहीं पहुंचे। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। यहां तक कि किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना नहीं दी। कमरे से मिला था सुसाइड नोट बता दें कि सृष्टि के कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था। उसमें लिखा था- मैं चाहती नहीं थी, पर मैं चीजें हैंडल नहीं कर पाई। मुझे माफ कर देना मम्मी, मैंने आपको बहुत दुख दिया है। हालांकि, इस सुसाइड नोट की लिखावट पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि सृष्टि यूपीएससी की तैयारी कर रही थी, ऐसे में नोट की भाषा और लिखावट संदेह पैदा करती है। पुलिस की ओर से आधिकारिक दस्तावेजों से मिलान की गई, तो प्रारंभिक स्तर पर मिलान नहीं हुआ। अब जानिए सृष्टि के भाई ने क्या कहा मृतका के भाई आशुतोष ने बताया कि सृष्टि सोमवार को मौर्या एक्सप्रेस से हाजीपुर से सीवान पहुंची थी और रात करीब 9 बजे मेरी बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार की सुबह सृष्टि से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हुई। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक के कहने पर पड़ोसी कमरे तक पहुंचे और दरवाजे को हल्का धक्का दिया, तो वह खुल गया। सृष्टि का शव फंदे से लटका था, जबकि उसका शरीर जमीन को छू रहा था।
Source link