मंदिर से चोरी मामले में पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार:कटनी पुलिस ने बरामद किए सोने-चांदी के आभूषण




कटनी के एनकेजे पुलिस ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम पडरिया स्थित दुर्गा मंदिर में चोरी के आरोप में पिता-पुत्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। यह घटना चैत्र नवरात्रि के दौरान 26 मार्च की रात को हुई थी। प्रार्थी जयकुमार विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पडरिया के दुर्गा मंदिर में कीर्तन-भजन कार्यक्रम के बाद ग्रामीण रात करीब 1:30 बजे मंदिर बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के पट खुले थे और माता की प्रतिमा से चांदी के मुकुट, पायल, कटोरी, आंखें, दान पेटी और सोने के दो लॉकेट गायब थे। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और संदेह के आधार पर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रकाश उर्फ अभिषेक दुबे (20 वर्ष), गुड्डू उर्फ कृष्ण कुमार दुबे (40 वर्ष) और राहुल सोनी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रकाश उर्फ अभिषेक दुबे भोपाल निवासी है और गुड्डू उर्फ कृष्ण कुमार दुबे उसका पिता है। राहुल सोनी उमरिया का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी प्रकाश उर्फ अभिषेक दुबे एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कोतवाली, कुठला, बड़वारा, स्लीमनाबाद सहित उमरिया और सिहोरा जिलों के विभिन्न थानों में चोरी और संपत्ति संबंधी कई गंभीर मामले पहले से ही दर्ज हैं। 40 हजार का माल बरामद
​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर प्रेमनगर मल्टी और उमरिया से चोरी गया माल विधिवत जब्त कर लिया है। जब्त किए गए सामान में चांदी के दो मुकुट, पायल, कटोरी, चांदी की आंखें और सोने के दो छोटे लॉकेट शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 40,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल कटनी भेज दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *