कृषि मंत्री के घर पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव से मिलने जा रही मुरैना महापौर को महिला टीआई ने सीढ़ियों पर रोक दिया। अंदर जाने से रोकने पर महापौर शारदा सोलंकी भड़क गईं और उनकी टीआई से तीखी बहस हो गई। गुस्से में महापौर ने महिला थाना प्रभारी को बदतमीज तक कह दिया। नेताओं के हस्तक्षेप के बाद उन्हें सीएम से मिलने दिया गया। मंगलवार को इस पूरे घटनक्रम का वीडियो सामने आया है। महापौर ने अब इसकी शिकायत पार्टी फोरम पर करने की बात कही है। ‘यह मेरा भी घर है’, सीढ़ियों पर रोकने पर हुई बहस दरअसल, सोमवार को कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के निवास पर सीएम डॉ. मोहन यादव नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। कार्यक्रम घर की दूसरी मंजिल पर चल रहा था। जब महापौर शारदा सोलंकी सीएम से मिलने के लिए सीढ़ियों से ऊपर जाने लगीं, तो वहां तैनात सबलगढ़ टीआई राजकुमारी परमार ने उन्हें रोक दिया और कहा कि ऊपर सिर्फ घर के लोग ही जाएंगे। इस पर नाराज महापौर ने कहा कि यह घर मेरा भी है। इसके बावजूद टीआई ने उन्हें जाने नहीं दिया और वे काफी देर तक वहीं खड़ी रहीं। बाद में कुछ अन्य राजनेताओं के हस्तक्षेप पर महापौर को जाने दिया गया। जाते समय नाराज महापौर ने टीआई से कहा, ‘मजाक बना रखा है, एक घंटे से खड़ी हूं बदतमीज कहीं की।’ महापौर बोलीं- अन्य लोग जा रहे थे, मुझसे कहा- आप नहीं जाओगी घटना को लेकर महापौर शारदा सोलंकी ने कहा, मैं नगर की प्रथम महिला हूं, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री हूं। एदल सिंह मंत्री से मेरे दो पीढ़ियों से पारिवारिक संबंध हैं और हमारे प्रदेश के मुखिया आए थे तो प्रोटोकॉल के तहत मुझे वहां होना चाहिए था। मैं गई तो टीआई राजकुमारी परमार ने मुझे रोक दिया और अन्य लोगों को जाने दे रही थी। यह भी होता कि कोई नहीं जा रहा तो मैं रुक जाती। मैंने उससे पूछा कि ये लोग कैसे जा रहे हैं तो बोली- मुझे नहीं पता, आप नहीं जाओगी। फिर अन्य लोगों के कहने पर जाने दिया। काफी देर खड़ी रही, बदतमीजी से बात कर रही थी। मैंने फिर कृषि मंत्री से भी इसकी शिकायत की तो बाद में टीआई कहां गायब हो गई पता नहीं। इसकी शिकायत मैं पार्टी फोरम पर भी करूंगी। TI का जवाब- मैंने कोई अभद्रता नहीं की महापौर द्वारा लगाए गए आरोपों पर सबलगढ़ थाना प्रभारी (टीआई) राजकुमारी परमार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, मैंने किसी से कोई अभद्रता या बहस नहीं की है, मैंने सिर्फ अपना काम किया। एक घंटा तो सीएम जिले में भी नहीं रुके।
Source link