मथुरा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:फांसी पर लटका मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप




मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र के बंगाली घाट स्थित आर्य समाज फाटक रोड पर एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर मौत हो गई। मृतका की पहचान पायल के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग छह माह पूर्व राहुल नामक युवक से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या बताया है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पायल को दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष के अनुसार, उन्हें देर रात करीब 2 बजे सूचना दी गई कि पायल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें घटना संदिग्ध लगी। परिजनों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते उनकी बेटी की शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *