मथुरा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी




मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। ब्रह्मांड घाट रोड स्थित ग्वारिया मंदिर के समीप राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। महावन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस को युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान धीरज (28) पुत्र पतराम निवासी नगला बाला पचावर, थाना महावन के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मृतक के ताऊ बनी सिंह ने बताया कि धीरज पेशे से ट्रक चालक था और पिछले करीब एक सप्ताह से लापता था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दो वर्ष पूर्व धीरज के खिलाफ महावन थाने में दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके चलते वह जेल भी गया था। परिजनों ने धीरज की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। थाना निरीक्षक चेतराम शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। शर्मा ने आश्वासन दिया कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल परिजनों के आरोपों और घटना की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *