महोबा में एक सड़क हादसे में झारखंड के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के काली पहाड़ी के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने झारखंड के कदवन गड़वा निवासी 19 वर्षीय एक युवक को मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के साथ बाइक पर सवार 20 वर्षीय पंकज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया बताया जा रहा है कि मृतक युवक और पंकज दोनों झारखंड से महोबा आए थे और डहर्रा स्थित पहाड़ पर एलएनटी मशीन चलाने का काम करते थे। मृतक के साथी विकास ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक मार्केट से सामान लेने कबरई की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने घटना की सूचना झारखंड में रह रहे उनके परिजनों को दे दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link