[ad_1]
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरपलिया गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे को एक बड़ा हादसा हो गया, जब गेहूं के खेतों में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर खेतों में गिरना बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 25 किसानों की करीब 50 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। स्थानीय किसानों के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, जिससे सूखी फसल में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। आग फैलती देख किसानों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
किसानों ने आग को फैलने से रोकने के लिए ट्रैक्टरों की मदद से खेतों को जोतना शुरू कर दिया, ताकि आग की रफ्तार को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम पहुंची और समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग ने बड़े हिस्से की फसल को नुकसान पहुंचा दिया था। इस अग्निकांड में किसानों की लाखों रुपये की गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। घटना के बाद प्रभावित किसानों में गहरा आक्रोश और निराशा है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
[ad_2]
Source link