मुख्यमंत्री ने कहा -:मकरोनिया में फ्लाईओवर बनेगा, बम्हौरी से गढ़पहरा रोड होगी फोरलेन




अपने 28 माह के कार्यकाल में नरयावली विधानसभा क्षेत्र में पहली आमसभा करने आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मकरोनिया चौराहा पर फ्लाईओवर बनाने की घोषणा की। साथ ही बम्हौरी तिराहा से गढ़पहरा तक 24 किमी लंबाई का फोरलेन 24 करोड़ रुपए की लागत से बनाने की घोषणा भी की। क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया की मांग पर यह घोषणा उन्होंने की। फ्लाईओवर बनने से मकरोनिया चौराहा पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। 155 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट में मकरोनिया चौराहा से लेकर बहेरिया चौराहा तक 5.20 किमी लंबी सड़क फोरलेन भी बन जाएगी।
गौरतलब है कि चार साल पहले यहां फ्लाईओवर एनएचएआई बना रही थी। जो विरोध होने पर टल गया था। अब 5 भुजाओं के साथ फ्लाईओवर निर्माण के लिए विधायक प्रयासरत हैं। इसी तरह बम्हौरी-गढ़पहरा रोड फोरलेन होने से आवागमन सुलभ होगा। मुख्यमंत्री ने भोपाल पहुंचकर कलेक्टर को कॉल कर यह भी कहा कि नरयावली कॉलेज में विज्ञान और कॉमर्स संकाय शुरू करने व तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी जोड़ ली जाएं। 22 मिनट में सीएम को आए तीन कॉल, मैसेज भी पढ़ा, बोले कम-सुनते ज्यादा रहे मंच पर 23 मिनट के भीतर मुख्यमंत्री को तीन कॉल आए। पहली बार उन्हें 1.17 बजे कॉल आया। करीब 3 मिनट तक उनकी बात चली। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल खोलकर देखा और कुछ मैसेज भी पढ़ा। 1.26 पर फिर से मुख्यमंत्री को कॉल आया। 1.39 पर तीसरी बार मुख्यमंत्री मोबाइल पर बात करते नजर आए। तीनों फोन कॉल के दौरान वे बोलते कम और सुनते ज्यादा नजर आए। इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कॉल पर क्या बात हुई यह तो साफ नहीं परंतु इसके 4 घंटे बाद ही मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। सांदीपनि विद्यालय में 30 मिनट बिताए मुख्यमंत्री तय कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे से 13 मिनट पहले नरयावली आ गए थे। इसके चलते उन्होंने सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ 30 मिनट का समय बिताया। मुख्यमंत्री का यह जिले में 17वां दौरा था। मंच पर मुख्यमंत्री के संबोधन में ऐसा पहली बार हुआ जब उन्होंने आल्हा नहीं सुनाया। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, बीना विधायक निर्मला सप्रे, महापौर संगीता तिवारी, जिपं अध्यक्ष हीरा सिंह , जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं रानी पटेल मौजूद थे। सांसद का भाषण लंबा खिंचा तो रोका सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने 12 मिनट का भाषण दिया। उन्हें रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने मंत्री राजपूत को इशारा किया। राजपूत ने विधायक लारिया को इशारा किया। विधायक लारिया ने जिलाध्यक्ष तिवारी को इशारा किया। जिलाध्यक्ष ने उन्हें पर्ची भेजने के लिए कागज-पेन मांगा। यह सब देख सीएम ने दोबारा मंत्री को इशारा किया। इस पर मंत्री राजपूत उठे और सांसद से कहा सीएम को जल्दी जाना है। इसके तुरंत बाद जिलाध्यक्ष ने भी पर्ची दे दी। इसके बाद भी सांसद एक मिनट तक बोलती रहीं। किसानों को चार गुना मुआवजा: राजपूत ​ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा जब कोई सड़क, नहर बनती है और किसानों की जमीन जाती है तो किसान कहते हैं सोने जैसी जमीन जा रही है लेकिन मुआवजा कम मिल रहा। मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है जमीन जाने पर किसान को 4 गुना मुआवजा मिलेगा। नरयावली का अपना कुछ भी नहीं: लारिया ​ क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया ने कहा नरयावली विधानसभा नाम है लेकिन इसका अपना कुछ नहीं है। क्षेत्र का एसडीएम मुख्यालय सागर एवं राहतगढ़ है। उन्होंने मकरोनिया में एसडीएम कार्यालय स्थापित करने, नरयावली को तहसील का दर्जा देने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं भी की निर्माणाधीन कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन के लिए 240 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी।
शा.आईटीआई कॉलेज, जरुआखेड़ा में नवीन ट्रेड- इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कोपा (कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग), सोलर टेक्निशियन एवं बीना रिफायनरी से संबंधित ट्रेड प्रारंभ की जाएंगी।
नगर परिषद कर्रापुर में विकास कार्यों के लिए विशेष निधि से 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति।
लघु सिंचाई परियोजना ग्राम पंचायत तोड़ा गौतमिया में तालाब निर्माण कार्य,गढ़ौली सेवारा में टेंक तालाब निर्माण कार्य, करिया पाठा वियर (लागत 3.24 करोड़), पिपरिया-जसराज जलाशय,(लागत 16.80 करोड़) घुरेटा में वियर सिंचाई योजना के सुधार कार्य एवं रतौना जलाशय सुधार के लिए स्वीकृति दी।
खाकरोन-ईशुरवारा मार्ग में धसान नदी पर 16.70 करोड़ की लागत से पुल बनेगा।
हीरापुर-रामछायरी (रिमझिरिया) मार्ग में धसान नदी पर 7.38 करोड़ की लागत से पुल बनेगा।
शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास के नए भवन निर्माण की स्वीकृति दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *