मुगलसराय में अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में देर रात एक कव्वाली कार्यक्रम के दौरान विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती ने अपने साथियों भोला, विवेक, बाबूलाल, मुस्कान और मयंक के साथ मिलकर महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसका फरमान नामक युवक ने विरोध किया। गाड़ी रोककर परिवार पर हमला किया विवाद बढ़ने के बाद जब फरमान अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था, तो आरोपियों ने रास्ते में उसकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद उन पर फायरिंग की गई और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और अलीनगर पुलिस की टीम ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि धर्मेंद्र भारती सकलडीहा क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा मेहवा रिंग रोड के पास छिपाया गया है। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की जब पुलिस उसे असलहा बरामदगी के लिए मौके पर ले गई, तो आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे धर्मेंद्र भारती के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फरार आरोपियो की तलाश जारी पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि धर्मेंद्र भारती एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही, आरोपी को शरण देने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Source link