लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा के वार्ड नंबर 6, सुआ रोड निवासी रूबी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए थाना दाखा में बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर मृतका का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। मृतका की बहन रानी, पत्नी विजय कुमार चौधरी, निवासी बरनाला ने बताया कि रूबी के पेट में पथरी थी। 13 अप्रैल को उसे स्थानीय सीरत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अगले दिन ऑपरेशन की सलाह दी थी। रानी के अनुसार, 14 अप्रैल को ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने रूबी के पति शकुल देव को पैसे लाने के लिए घर भेज दिया। डॉक्टर बोले- दिल का दौरा पड़ा जब वह वापस लौटे, तो डॉक्टरों ने बताया कि रूबी को दिल का दौरा पड़ गया है और उसे लुधियाना के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हालांकि, रात भर अस्पताल में रखने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी में और बिना कोई जानकारी दिए रूबी को लुधियाना भेजना संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले पर थाना प्रभारी कुलजिंदर सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मृतका रूबी का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सीरत अस्पताल के डॉक्टर इंदरबीर सिंह ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन से पहले रूबी के सभी आवश्यक टेस्ट सामान्य पाए गए थे। हालांकि, ऑपरेशन के दौरान उसे दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उसे लुधियाना रेफर करना पड़ा।
Source link