खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर उपखंड क्षेत्र में मेघाला स्थित परशुराम कुंड व बोकराज कुंड के पास पहाड़ी पर मंगलवार को भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे करीब 100 हेक्टेयर वन संपदा जलकर राख हो गई। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में वन विभाग की टीम और वनकर्मी पेड़ों की डालियों व पत्तों की मदद से आग बुझाने में जुटे हुए हैं। हालांकि, सूखी झाड़ियों और तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
सहायक वनपाल सुशीला के नेतृत्व में मुंडावर वन नाका की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ततारपुर वन नाका से सहायक वनपाल संदीप तक्षक, दीपिका और वनरक्षक ज्ञानेश भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। घटना की सूचना पर मुंडावर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में पहाड़ियों पर आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में टेहड़का पहाड़ में भी आग लगी थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बुझाया गया था।
Source link