मेरठ में अमरनाथ यात्रा पंजीकरण शुरू:जम्मू-कश्मीर बैंक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पंजीकरण को लेकर हंगामा




मेरठ में अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। शहर के स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक शाखा में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे, जिससे लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। इस दौरान बैंक परिसर और आसपास भारी भीड़भाड़ का माहौल रहा। श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर काफी उत्साह है। हालांकि, पंजीकरण के पहले दिन उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई भक्तों ने बताया कि वे मंगलवार रात आठ बजे से ही बैंक के बाहर इंतजार कर रहे थे। बुधवार सुबह बैंक खुलते ही व्यवस्था बिगड़ गई और दोपहर तक पंजीकरण न होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। कंकरखेड़ा निवासी प्रवीण कुमार शर्मा ने बताया कि वह सुबह सात बजे से कतार में थे। अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। पंजीकरण के लिए श्रद्धालुओं को जम्मू-कश्मीर बैंक में मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड की प्रति, 100 रुपये पंजीकरण शुल्क और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होते हैं। बैंक में पंजीकरण कराने पर तुरंत दर्शन की तिथि मिल जाती है। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालु अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करके ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *