मेरठ में भाजपा नेता रोबिन मोरल की ब्लैक स्कार्पियो से पुलिस ने अवैध हथियार बरामद किए हैं। रोबिन मोरल ने अपनी भांजियों की शादी के बाद हुई विदाई समारोह में हर्ष फायरिंग की थी। इसके साथ ही पुलिस को जांच के दौरान एक काले रंग की स्कार्पियो में अवैध हथियार मिले हैं। जांच हुई तो पता चला कि ये स्कार्पियो रोबिन मोरल नामक व्यक्ति की है। जो भाजपा नेता है। भांजियों की शादी में आया था मवाना के भिड़वारा गांव में सोमवार को किसान राजेंद्र सिंह की दो बेटियों की शादी थी। यहां दो बारात आई थी। एक बरात हुमायूंपुर और दूसरी करीमपुर भंडोरा से आई थी। राजेंद्र सिंह का साला हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नानपुर निवासी रोबिन मोरल भात भरने (एक तरह का नेग) के लिए आया था। रोबिन वर्तमान में बागपत रोड स्थित इंद्रापुरम कालोनी में रहता है। बताया जा रहा है कि रोबिन के साथ स्कार्पियो में उसके साथी भी थे। रात नौ बजे दोनों ही बेटियों की विदाई हो रही थी। इसी बीच रोबिन और उसके साथियों ने अवैध असलाह से करीब 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से भिड़वारा गांव की गलियां गूंज उठीं। पिस्टल, तमंचे, कारतूस मिले सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि फोन पर सूचना आई थी कि गाड़ी में कुछ हथियार होने की आशंका है। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की थी। पुलिस चौकी से दारोगा ज्ञानेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपित स्कार्पियो छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें 32 बोर की एक पिस्टल, तीन तमंचे और सात कारतूस बरामद हुए। दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुआ। हरियाणा के फरीदाबाद नंबर की स्कार्पियो रोबिन मोरल के नाम पर रजिस्टर्ड है। स्कार्पियो के पीछे शीशे पर गढ़मुक्तेश्वर से भाजपा के ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी रोबिन मोरल का पोस्टर लगा था। भाजपा का झंडा लगा था
सीओ ने बताया कि स्कार्पियो पर भाजपा का झंडा लगा है। अगले शीशे पर भाजपा से खरखौदा मंडल अध्यक्ष लिखा हुआ था। दारोगा की तरफ से रोबिन मोरल और उसके साथियों पर हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। हापुड़ से मवाना पहुंच गई हथियारों से भरी स्कार्पियो
भाजपा का झंडा और पोस्टर लगाकर स्कार्पियो में अंदर तीन तमंचे, एक पिस्टल और कारतूस लेकर हापुड़ से रोबिन अपने साथियों के संग मवाना तक पहुंच गया। हापुड़ के नानपुर से मवाना तक पहुंचने में कई थाने और पुलिस चौकियां पड़ती हैं। उसके बाद भी पुलिस ने न तो कहीं स्कार्पियो को रोका और न ही उसकी तलाशी ली। गांव में दिनभर हथियारों का प्रदर्शन करता रहा लेकिन उस समय लोगों की सूचना के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। स्कार्पियो का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ही पुलिस की नींद टूटी और मामले में संज्ञान लेकर एफआइआर दर्ज की। एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि रोविन मोरल के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए दो टीमें बना कर नानपुर और इंद्रापुरम में दबिश डाली जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
Source link