मोगा-बरनाला रोड पर हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालात में तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, घायल बलविंद्र सिंह निवासी गांव डेमरू अपनी मोटरसाइकिल पर मोगा से बरनाला की ओर जा रहे थे। गांव डाला से कुछ दूरी पर एक पैलेस के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बलविंद्र सिंह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत समाजसेवा सोसायटी को सूचना दी। सोसायटी के सेवादार एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और घायल बलविंद्र सिंह को उठाकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। इस घटना की सूचना मैहना थाना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
Source link