मोगा की धर्मकोट थाना क्षेत्र के गांव चूड़ चक्क खेड़ा में जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही डीएसपी धर्मकोट जसविंदर सिंह, थाना कोट इसे खां की प्रभारी सुनीता रानी और पुलिस चौकी बलखंडी के इंचार्ज सहायक थानेदार रमणदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। विवादित जमीन पर बोई गई फसल डीएसपी जसविंदर सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विवादित जमीन पर बोई गई फसल पहले गुरप्रीत सिंह गोपी निवासी गांव चूड़ चक्क द्वारा काटी गई थी। इस जमीन का मामला माननीय अदालत में विचाराधीन था, जिसका फैसला शमशेर सिंह के पक्ष में आया था। शमशेर सिंह का निधन जून 2019 में हो चुका है। डीएसपी के अनुसार, आज शमशेर सिंह के पक्ष से जुड़े कुछ हथियारबंद लोग बिना पुलिस को सूचित किए जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे। जब गुरप्रीत सिंह गोपी पक्ष को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। हालांकि, इस गोलीबारी में कोई जनहानि नहीं हुई। DSP बोले- 2019 में दर्ज हुथी थी शिकायत डीएसपी धर्मकोट ने यह भी बताया कि गुरप्रीत सिंह गोपी ने 14 मई 2019 को कोट इसे खां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शमशेर सिंह और डॉक्टर चरणजीत कौर उनके बुजुर्ग पिता गुरदेव सिंह को स्कॉर्पियो गाड़ी में अगवा कर ले गए थे। गोपी ने आशंका व्यक्त की थी कि उनके पिता के नाम पर दर्ज पांच किल्ले जमीन को अपने या किसी रिश्तेदार के नाम करवाया जा सकता है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने शमशेर सिंह और डॉक्टर चरणजीत कौर सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
Source link