भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का मोदरान रेलवे स्टेशन पर सोमवार से ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी और राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के आगमन के साथ ही लोगों में खासा उत्साह नजर आया। समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर स्थित मोदरान स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने ट्रेन संख्या 20626/20625 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। जनप्रतिनिधियों ने इस रेल मार्ग पर अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया। साथ ही इस बड़ी सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। रेलवे के अनुसार- सप्ताह में 5 दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन अब मोदरान स्टेशन पर ठहराव करेगी, जिसकी समय-सारणी पहले ही जारी की जा चुकी है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनीराम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बिका, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित कई रेलवे अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का साफा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार जोशी ने किया।
Source link