मोहनिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से प्रिंसिपल की मौत:पसपिपरा सर्विस रोड पर हुआ हादसा, परसथुआ बीएड कॉलेज के प्रभारी थे




कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पसपिपरा सर्विस रोड पर बुधवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार प्रभारी प्राचार्य विनोद कुमार मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नुआंव प्रखंड के मोरथ गांव निवासी थे और परसथुआ स्थित बीएड कॉलेज में प्रभारी प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार मिश्रा बुधवार शाम अपनी बाइक से परसथुआ से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। पसपिपरा सर्विस रोड के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राचार्य की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवी कन्हैया राय ने प्रशासन से सर्विस रोड पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गति सीमा तय करने और उचित सुरक्षा मानकों को लागू करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *