चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लड़की के साथ पहले दुष्कर्म हुआ था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस पंचनामा की कार्रवाई कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 6 मार्च को लड़की की मां ने पहाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लड़कों ने उसे पकड़कर जबरन रंग लगा दिया था। थाना प्रभारी को जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले की जांच शुरू की थी। हालांकि, दो घंटे बाद लड़की के माता-पिता थाने पहुंचे और एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें उन्होंने किसी भी प्रकार की कार्रवाई न चाहने की बात कही थी। पुलिस का दावा है कि इस घटना का वीडियो भी मौजूद है। यह मामला 6 मार्च को जीडी (जनरल डायरी) में दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने आगे कहा कि वे पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यदि इस मामले में पुलिस की किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अन्य सभी तथ्यों की भी गहनता से जांच की जाएगी।
Source link