रायसेन में रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई। ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। पूरे शहर में भगवान परशुराम के जयकारों से भक्तिमय माहौल बन गया। शोभायात्रा गंज बाजार स्थित हनुमान मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। सबसे आगे एक सुसज्जित रथ पर भगवान परशुराम की आकर्षक प्रतिमा विराजित थी, जिसे फूलों से सजाया गया था। यात्रा में महिलाएं भक्ति गीतों पर नृत्य करती हुई चल रही थीं, वहीं अखाड़ों के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। शोभायात्रा में एसडीएम मनीष शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति के अनुसार, शोभायात्रा का समापन रामपुर स्थित हनुमान मंदिर में हुआ। यहां भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर भगवान परशुराम के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
Source link