रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में बुधवार को नगर निगम की कचरा गाड़ी में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान महेश बक्शी के रूप में हुई है, जो नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही निजी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा शव को फंदे से नीचे उतार लिया गया था। परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बिना पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारना कई सवाल खड़े करता है। सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी राजीव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ करीब तीन घंटे तक घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने निजी कंपनी के कार्यालय में लगे सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। राजीव अग्रवाल का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि परिवार को पूरी घटना संदिग्ध लग रही है और बिना पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारना गलत है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Source link