ललितपुर डीएम ने नवीन मण्डी का निरीक्षण किया:क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं, भंडारण हटाने के निर्देश दिए




ललितपुर में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने गुरुवार को नवीन मण्डी स्थल ललितपुर और विशिष्ट मण्डी स्थल अमरपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने मण्डी परिसर में संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नवीन मण्डी स्थल में निर्मित सभी नीलामी चबूतरों को किसानों की कृषि उपज की बिक्री के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन चबूतरों पर किसी भी व्यापारी द्वारा भंडारण न किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने नवीन मण्डी स्थल में बने कृषक विश्राम गृह को किसानों के उपयोग के लिए प्रतिदिन खोलने, मण्डी परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने और कृषि उत्पादों की नीलामी अधिकतम मूल्य पर कराने के निर्देश दिए। किसानों की कृषि उपज की तौल नियमानुसार सुनिश्चित करने को भी कहा गया। उन्होंने मण्डी परिसर में संचालित एफसीआई के गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों की भीड़ और खराब मौसम को देखते हुए एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मण्डी में आने वाले किसानों, व्यापारियों और पल्लेदारों के लिए पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके उपरांत, जिलाधिकारी ने विशिष्ट मण्डी स्थल अमरपुर में संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। यहां भी किसानों की भीड़ और खराब मौसम के मद्देनजर, मण्डी सचिव को एफसीआई क्रय केंद्र पर चार अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटे, तथा विपणन शाखा और पीसीएफ के दो क्रय केंद्रों पर एक-एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी,जिला खरीद अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, मण्डी सचिव, यातायात प्रभारी और किसान उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *