ललितपुर के महरौनी खुर्द गांव में अवैध खनन रोकने गए खान इंस्पेक्टर पर हमले के मामले में पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। आरोपियों पर पत्थरबाजी कर जेसीबी मशीन और डंपर छुड़ा ले जाने का आरोप है। खान इंस्पेक्टर सुदीप कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 19 अप्रैल की रात वह ललितपुर तहसील के महरौनी खुर्द गांव में अवैध खनन स्थल (जियो कोऑर्डिनेट: 244746.36109, 782438.065) का निरीक्षण करने पहुंचे थे। मौके पर एक जेसीबी मशीन और डंपर (यूपी 94 टी 2096) अवैध खनन और परिवहन करते पाए गए। निरीक्षण के दौरान लगभग 100 घन मीटर साधारण मिट्टी और 600 घन मीटर लाल मौरम का अवैध खनन और परिवहन पाया गया। वाहन चालकों के पास खनन और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। जब इंस्पेक्टर सुदीप कुमार वाहनों को थाना कोतवाली ला रहे थे, तभी महरौनी खुर्द निवासी सोबरन सिंह (पुत्र फूलसिंह), छत्रपाल सिंह (पुत्र सोबरन सिंह), नाती राजा (पुत्र छत्रपाल सिंह) और महर्रा, ललितपुर निवासी शिवाजी (पुत्र राजेंद्र सिंह ठाकुर) अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने इंस्पेक्टर के साथ गाली-गलौज की और उन पर पत्थर फेंके, जिससे उनके हाथ में चोट आई। आरोपी बलपूर्वक डंपर और जेसीबी मशीन को मौके से भगा ले गए। पुलिस ने पीड़ित खान इंस्पेक्टर की शिकायत पर पिता-पुत्र सहित 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि अवैध खनन करने वाले चार नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link