संगरूर जिले के लहरागागा के नए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में 15 अप्रैल से ओपीडी (OPD) और इन-पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं शुरू हो जाएंगी। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, पंजाब सरकार ने इस साल 9 जनवरी को लहरागागा में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोलने का निर्णय लिया था। इसके बाद, लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए, लहरागागा में मौजूदा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को उन्नत किया जा रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं के साथ ओपीडी और आईपीडी सेवाएं 15 अप्रैल से शुरू की जाएंगी। इससे लहरागागा शहर के साथ-साथ आसपास के कई गांवों को भी लाभ मिलेगा। फिर से शुरू होगा मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट सीएचसी लहरागागा में मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि ये चिकित्सा सेवाएं जनहित ट्रस्ट की इकाई आचार्य विद्यानंद जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च द्वारा प्रदान की जाएंगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के प्रयासों से बंद पड़ा बाबा हीरा सिंह भट्टल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी अब मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के रूप में फिर से शुरू किया जा रहा है, जिससे भविष्य में डॉक्टर तैयार होंगे। मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा पटियाला या संगरूर उन्होंने बताया कि पहले आपातकालीन सेवाओं की कमी के कारण लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए संगरूर या पटियाला जाना पड़ता था, जिससे कई बार समय पर इलाज न मिलने के कारण जान चली जाती थी। अब यह समस्या दूर होगी। यह मेडिकल कॉलेज मूनक और खनौरी दोनों इलाकों को कवर करेगा, और वहां के अस्पताल भी इसी कॉलेज के माध्यम से संचालित होंगे। अगले साल यहां नर्सिंग कक्षाएं शुरू होंगी और जल्द ही एक डेंटल कॉलेज भी खोला जाएगा। इसके साथ ही, एमडी (MD) और एमएस (MS) कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कई मेधावी छात्र सुविधाओं की कमी के कारण डॉक्टर बनने से वंचित रह जाते थे, लेकिन अब वे अपने सपनों को पूरा कर पाएंगे।
Source link