पठानकोट के शहीद अक्ष्य पठानिया गवर्नमेंट हाई स्कूल चक्कड़ की छात्रा वंशिका ने 8वीं कक्षा में 97.5 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वंशिका वैज्ञानिक बनने का सपना देखती हैं, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति के कारण उन्हें अपनी आगे की पढ़ाई की चिंता सता रही है। वंशिका ने बताया कि वह रोजाना अपने गांव सुराल से चक्कड़ स्थित स्कूल तक चार किलोमीटर का सफर पैदल या बस से तय करती हैं। स्कूल से लौटने के बाद वह दो घंटे पढ़ाई करती थीं, फिर रात 12 बजे तक पढ़ती थीं और सुबह 5 बजे उठकर उसे दोहराती थीं। वंशिका के पिता निर्दोष कुमार मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां कमलेश कुमारी गृहिणी हैं। वंशिका और उनके माता-पिता को यह चिंता है कि भविष्य में उनके पिता उनकी पढ़ाई का खर्च उठा पाएंगे या नहीं, जिससे उनका सपना अधूरा रह सकता है। सरकार से मांगी मदद वंशिका ने सरकार से वजीफा या आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है ताकि वह अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उनकी माता ने भी अपनी असमर्थता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी को आगे बढ़ाने में सक्षम न होने का डर है। इस अवसर पर गांव के सरपंच ने पत्रकारों से बात करते हुए वंशिका की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि वंशिका ने जिले का नाम रोशन किया है और उनकी ओर से हर संभव मदद की जाएगी। सरपंच ने सरकार से भी वंशिका की सहायता करने की अपील की है।
Source link