वनरक्षक हरकेश गुर्जर को पेंच टाइगर रिजर्व में श्रद्धांजलि:कर्तव्य निर्वहन में वीरगति, शहीद का दर्जा देने की मांग




सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व ने मुरैना वनमंडल में पदस्थ वनरक्षक हरकेश गुर्जर को कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति प्राप्त होने पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद घटना से वन विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी के उप संचालक ने 14 अप्रैल को शाम 6:30 बजे बताया कि दिवंगत वनरक्षक की स्मृति में विभिन्न स्तरों पर शोक सभाएं आयोजित की गईं। क्षेत्रीय कार्यालयों, वनमंडल कार्यालयों और फील्ड स्तर पर हुई इन सभाओं में अधिकारियों, वनकर्मियों और समस्त स्टाफ ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। उपस्थित लोगों ने हरकेश गुर्जर के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनके समर्पण को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका बलिदान वन विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन और समस्त स्टाफ ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन भी दिया। उप संचालक पुनीत गोयल ने अपील की कि हरकेश गुर्जर के परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि उनके योगदान का सम्मान हो सके। क्षेत्र संचालक देवाप्रसाद ने उन्हें शहीद का दर्जा देने के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का आह्वान किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि हरकेश गुर्जर का साहस, समर्पण और बलिदान वन विभाग के कर्मियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उनकी स्मृति सदैव जीवित रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *